शिरोमणि कमेटी के दफ्तरों में बड़ा फैसला: कर्मचारियों का ड्रेस कोड बदला

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के कार्यालय में ड्रेस कोड को लेकर एक अहम फैसला लिया गया है। कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक, अब सभी कर्मचारियों को पैंट और शर्ट की बजाय पारंपरिक सिख परिधान, यानी पजामा और कुर्ता पहनकर ऑफिस आना अनिवार्य होगा।

यह कदम सिख धर्म और उसकी परंपराओं को बढ़ावा देने और संस्थान की धार्मिक पहचान को बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। एसजीपीसी के अधिकारियों ने कहा कि यह फैसला संस्था की धार्मिक प्रतिष्ठा को सुनिश्चित करने और सिख परंपराओं के पालन को बढ़ावा देने के लिए लिया गया है।

प्रेसिडेंट हरजिंदर सिंह धामी ने अपने निर्देश में स्पष्ट किया कि कर्मचारियों को नए आदेशों का पालन करना होगा, ताकि कार्यालय में सिख धर्म की पहचान स्पष्ट रूप से उभरकर सामने आए। श्री हरमंदिर साहिब के मैनेजर राजिंदर सिंह रूबी ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए कहा, “यह आदेश सख्ती से लागू किया जाएगा, ताकि कोई भी कर्मचारी इसे नजरअंदाज न कर सके।”

जो कर्मचारी इस निर्देश का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। कमेटी का मानना है कि यह कदम भारत और विदेशों से आने वाली संगत को सिख परंपराओं के प्रति सम्मान दिखाने के लिए बेहद जरूरी है। इस फैसले से यह भी सुनिश्चित होगा कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के ऑफिस में हमेशा सिख धर्म की पहचान बनी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *