जीरकपुर में बड़ा हादसा टला: बेकाबू कार शोरूम में घुसी, मचा हड़कंप
जीरकपुर के ढकोली में बड़ा हादसा टला: बेकाबू कार शोरूम में घुसी, बाल-बाल बची जानें
जीरकपुर के ढकोली क्षेत्र स्थित सुषमा कैपिटल कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में रविवार शाम एक बड़ा हादसा होने से टल गया, जब एक महिला की कार अचानक बेकाबू होकर लोअर ग्राउंड में बने एक शोरूम में घुस गई। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ढकोली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला अपनी कार गेट नंबर-2 से कॉम्प्लेक्स में लेकर आई और पार्किंग में वाहन खड़ा कर खरीदारी के लिए चली गई। बताया जा रहा है कि कार गियर में ही छोड़ दी गई थी और हैंड ब्रेक भी ठीक से नहीं लगाया गया था। कुछ समय बाद जब महिला वापस आई और कार स्टार्ट की, तो वाहन अचानक झटके से आगे बढ़ गया और नियंत्रण से बाहर होकर सीधे लोअर ग्राउंड की ओर दौड़ पड़ा।
तेज रफ्तार से बेकाबू हुई कार ने नीचे बने एक शोरूम का बड़ा शीशा तोड़ दिया और अंदर जा घुसी। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग और सुरक्षा कर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए। गनीमत रही कि उस समय बेसमेंट में कोई ग्राहक या राहगीर मौजूद नहीं था, वरना बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
घटना के दौरान कार चला रही महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद हाइड्रा क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया।
सूचना मिलने पर जीरकपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो जाने और कार मालिक महिला द्वारा नुकसान की भरपाई करने की सहमति देने के कारण मामले की आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।