33% महिला आरक्षण बिल पर भाजपा का फोकस, 2029 तक लागू करने का दावा
-नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा ने शुरू किया जागरूकता अभियान, कांग्रेस पर साधा निशाना
मोहाली
भारतीय जनता पार्टी द्वारा पारित 33 प्रतिशत महिला आरक्षण बिल को लेकर अब इसे पूरी तरह से लागू करने की दिशा में प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पार्टी का कहना है कि वर्ष 2029 तक इस बिल को पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा, जिससे महिलाओं को राजनीति में उनका अधिकार मिल सके। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर रविवार को मोहाली में भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ट और राज्य सचिव जैसमीन संधावालिया की तरफ से एक प्रेस कांप्रेंस का आयोजन किया गया। इस दौरान राज्य सचिव जैसमीन संधावालिया ने कहा कि यह भाजपा की ऐतिहासिक उपलब्धि है, जो महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को लेकर वर्ष 1989 में राजीव गांधी ने पहल की थी, लेकिन इसके बाद लंबे समय तक कांग्रेस ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस मुद्दे को बार-बार टालते हुए महिलाओं के हितों की अनदेखी की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार महिलाओं के अधिकारों को लेकर प्रतिबद्ध है और यही कारण है कि इस महत्वपूर्ण बिल को पास किया गया। भाजपा नेताओं का कहना है कि पार्टी ने हमेशा महिलाओं के हित में योजनाएं लागू की हैं और अब राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में भी ठोस कदम उठाया जा रहा है। इस दौरान भाजपा के राज्य कैशियर सुखविंदर सिंह गोल्डी के अलावा मोहाली मीडिया इंचार्ज चंद्र शेखर भी मौजूद रहे।
कांग्रेस पर साधा निशाना, पुराने रुख पर उठाए सवाल
राज्य सचिव जैसमीन संधावालिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर पार्टी का रवैया हमेशा टालमटोल वाला रहा है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के समय इस विषय पर चर्चा शुरू हुई थी, लेकिन उसके बाद कांग्रेस सरकारों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी के नेतृत्व में भी इस बिल को आगे बढ़ाने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए। आज भी कांग्रेस इस बिल को लेकर स्पष्ट रुख नहीं दिखा रही है, जिससे यह साफ होता है कि पार्टी महिलाओं के मुद्दों पर गंभीर नहीं है।
2029 में लागू होगा आरक्षण, महिलाओं को मिलेगा अधिकार
भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ट ने कहा कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण बिल को लेकर लोगों को जागरूक करना पार्टी का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव तक इस बिल को पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा। इससे महिलाओं को राजनीति में बराबरी का अवसर मिलेगा और वे निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी निभा सकेंगी। उन्होंने कहा कि यह कदम महिलाओं को सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाएगा तथा उन्हें समाज में अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर देगा।