MRSAFPI के पांच कैडेट NDA से पास आउट, पंजाब का बढ़ाया मान

MRSAFPI के पांच कैडेट NDA से पास आउट, पंजाब का बढ़ाया मान

• सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने 150वें NDA पासिंग आउट परेड की समीक्षा की
• मंत्री अमन अरोड़ा ने कैडेट्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना की

मोहाली, 30 मई: पंजाब के लिए गर्व का क्षण रहा जब महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट (MRSAFPI), एसएएस नगर के पांच पूर्व कैडेट प्रतिष्ठित नेशनल डिफेंस अकादमी (NDA), खड़कवासला, पुणे से सफलतापूर्वक पास आउट हुए। ऐतिहासिक 150वें NDA कोर्स की पासिंग आउट परेड की समीक्षा भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, PVSM, AVSM ने की।

पास आउट होने वाले पांच कैडेट्स में संगरूर के जसकीर्तन सिंह, जालंधर के मनजोत सिंह वालिया और ध्रुव भंडारी, पटियाला के हर्षदीप सिंह तथा मोहाली के पार्थ कवी शामिल हैं। इन कैडेट्स ने MRSAFPI में दो वर्षों के प्रारंभिक प्रशिक्षण के बाद NDA में तीन वर्षों का कठिन सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। उल्लेखनीय है कि इनके प्रशिक्षण का बड़ा हिस्सा कोविड-19 महामारी के चुनौतीपूर्ण दौर में हुआ, जो उनकी दृढ़ता और समर्पण को दर्शाता है।

अब ये कैडेट्स अपनी-अपनी सेवा प्रशिक्षण अकादमियों में शामिल होंगे और अगले एक वर्ष के भीतर भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त करेंगे।

पंजाब के रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा ने कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि इन युवाओं ने पंजाब का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की उस पहल का परिणाम है, जिसका उद्देश्य युवाओं को देश की रक्षा सेवाओं के लिए तैयार करना है। उन्होंने कैडेट्स से राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने और पंजाब का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

MRSAFPI के निदेशक मेजर जनरल अजय एच. चौहान, VSM ने बताया कि संस्थान की उपलब्धियों का सिलसिला जारी है और जल्द ही 25 अन्य कैडेट्स SSB इंटरव्यू में शामिल होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि AFPIANs की उपलब्धियां संस्थान और पूरे पंजाब के लिए गर्व का विषय हैं।

शनिवार को पुणे के खड़कवासला में आयोजित 150वें NDA कोर्स की पासिंग आउट परेड के बाद MRSAFPI के पांच कैडेट्स NDA में प्रशिक्षक के रूप में तैनात पूर्व AFPIANs के साथ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *